रामगढ़ बाजार में खलियारी-घोरावल मार्ग की नापी का कार्य शुरू होते ही व्यापारी लामबंद होने लगे हैं। बुधवार को राबर्ट्सगंज नगर में मानवाधिकार एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने बाईपास की मांग कर जनप्रतिनिधियों का घेराव करने की घोषणा की।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के यूपी अध्यक्ष राज कुमार सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने राबर्ट्सगंज के घोरावल बस स्टैंड हनुमान मंदिर के पास प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि बाजार की सड़क चौड़ीकरण होने से हजारों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन से बाईपास बनाए जाने की मांग की। कहा कि व्यापारियों के जायज मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों मेें आंदोलन तेज किया जाएगा। आरोप लगाया कि स्थानीय जन प्रतिनिधियों की शह पर बाजार के अंदर की सड़क को चौड़ीकरण करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। राबर्ट्सगंज नगर अध्यक्ष सरदार अर्जुन सिंह, गणेश सोनी, सत्यवान सिंह, पन्ना सोनी, मुकेश कन्नोजिया, लखन सोनी, मुकेश कन्नौजिया, उमाशंकर पटेल, जवाहिर, लवकुश, बचऊ आदि मौजूद रहे।