जुगैल थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर रविवार को दो युवकों ने संदिग्ध हाल में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों का शव पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर कई तरह की चर्चा है।
ग्राम पंचायत कुरछा निवासी फुलौरी कोल (32) मजदूरी करता था। वह शनिवार को ही वाराणसी से काम कर लौटा था। रविवार की सुबह उसका घर से कुछ दूरी पर पपीते के पेड़ पर गमछे के सहारे लटकता मिला। इसी के कुछ देर बाद ही ग्राम पंचायत बड़गवां में भोले गोंड (19) का भी शव घर के पास शीशम के पेड़ पर लटकता पाया गया। भोले भी मजदूरी करता था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। पंचनामा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जुगैल के थाना प्रभारी धीरेंद्र प्रताप चौधरी का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दोनों की मौत का राजफाश होगा। इन घटनाओं से दोनों परिवारों में कोहराम मचा रहा। पुलिस ने मामले में कई लोगों से पूछताछ की किंतु मौत के कारणों का पता नहीं चल सका।