परनी गांव में सोमवार की रात संदिग्ध हाल में रिश्तेदारी में आए एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। मृत युवक चोपन थाना क्षेत्र के सलखन का निवासी है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के परनी गांव में सूर्यकांत (30 ) पुत्र अमर बहादुर निवासी सलखन का शव दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटकता मिला। सूर्यकांत अपनी पत्नी चंदा के साथ परनी स्थित अपने जीजा राजेंद्र प्रसाद के घर शनिवार को आया था। इस दौरान किसी बात को लेकर सोमवार की शाम पति-पत्नी में कहासुनी हो गई। रिश्तेदारों ने समझाया कि वह यहां झगड़ा न करें और उन्होंने चंदा को बहला-फुसलाकर सलखन उसके घर भेज दिया। युवक परनी में ही रुक गया। परिजनों के मुताबिक रात में किसी वक्त उसने घर से सौ मीटर की दूरी पर पेड़ से फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। थानाध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा।