नक्सल प्रभावित जनपद सोनभद्र में सीआरपीएफ कैंप बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहरा की डोंगिया बस्ती के पास सीआरपीएफ का कैंप बनेगा। इसके लिए तहसील प्रशासन ने 32 बीघा जमीन चिह्नित की है। एसडीएम ने भूमि का चिह्नांकन कर प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। इधर चिह्नित जमीन पर सीआरपीएफ की ओर से चारों तरफ बैरिकेडिंग कराने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
नक्सल गतिविधियों के कारण चर्चा में रहे सोनभद्र में सीआरपीएफ कैंप बनाने के लिए सरकार ने मंजूरी दे दी है। शासन के निर्देश पर डीएम ने राबर्ट्सगंज, ओबरा, दुद्धी और घोरावल तहसील के एसडीएम को सीआरपीएफ कैंप के लिए जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव मुहैया कराने का निर्देेश दिया था। इस आदेश के क्रम में सदर तहसील प्रशासन ने ग्राम पंचायत लोहरा की डोंगिया बस्ती के पास करीब 32 बीघा जमीन सीआरपीएफ कैंप के लिए चिह्नित किया है। एसडीएम की ओर से कैंप के लिए चिह्नित भूमि का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया। इसके बाद सीआरपीएफ की ओर से चिन्हित भूमि की बैरिकेडिंग कार्य शुरू करा दी गई है। आधुनिक असलहों से लैस जवानों की मौजूदगी में पिलर गाड़कर कंटीले तारों से बैरिकेडिंग का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। जमीन पर सीआरपीएफ की जमीन होने का बोर्ड भी लगा दिया गया है। उधर, सीआरपीएफ कैंप बनने को लेकर ग्रामीणों में हर्ष है। बता दें कि यह कैंप लोहरा गांव में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से लगभग तीन किलोमीटर पश्चिम में है। राबर्ट्सगंज कोतवाली से लगभग 23 किलोमीटर और क्षेत्रीय पुलिस चौकी सुकृत की दूरी लगभग 10 किलोमीटर है। जिस जगह कैंप का निर्माण कार्य चल रहा है उससे लगभग 500 मीटर की दूरी पर एक प्लेग्राउंड भी है।