ऊर्जांचल में हो रही चोरियों का कनेक्सन गाजीपुर के गहमर से जुड़ा पाया गया है। गहमर निवासी विकास ही यहां की चोरियों का मास्टरमाइंड है और उसके इशारे पर पांच युवकों का समूह रेकी कर घरों का ताला चटकाता है। मंगलवार को रेणुसागर पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपियों ने पूछताछ के दौरान जब इसका खुलासा किया तो हर किसी की आंखें हैरत से फटी रह गईं। आरोपियों के पास से परासी में रह रहे शिक्षक उमेश श्रीवास्तव के यहां से चोरी गई बाइक सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
मंगलवार सुबह पौने सात बजे रेणुसागर चौकी इंचार्ज संजय सिंह की अगुवाई वाली टीम ने ककरी कालोनी गेट से मुखबिर की सूचना पर कमलेश यादव और प्रदीप यादव को गिरफ्तार किया तो उनकी निशानदेही पर ककरी बस स्टैंड के पास झाड़ी से चोरी की बाइक, टीवी एवं अन्य सामान बरामद कर लिया। पूछताछ में जब आरोपियों ने गहमर निवासी विकास के बीना में रहने व उसके द्वारा चोरियां करवाने का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक विकास के पिता पहले बीना में गार्ड का काम करते थे। चार वर्ष पूर्व विकास भी बीना आ गया था। इसके बाद उसने दो बोलेरो बीना परियोजना में और एक लैंको में चलवानी शुरू कर दी। इस दौरान विकास ने स्थानीय युवाओं का गिरोह तैयार किया और उन्हें हिस्सेदारी देकर चोरियों शुरू करवा दी। उधर, सीओ सितांशु यादव ने भी इसकी पुष्टि की।