राबर्ट्सगंज से एक परिवार के लोग शनिवार को विजयगढ़ दुर्ग पर स्थित मीरान शाह के दरबार में मत्था टेकने गए थे। इस दौरान कमरूद्दीन की लड़की हिना तालाब में पानी लेने गई और डूबने लगी। छोटी बहन की चीख सुनकर उसे बचाने गई बड़ी बहन सलमा (21) डूब गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब 12 घंटे बाद रविवार शव बाहर निकलवाया।
शनिवार की शाम करीब पांच बजे तालाब में राबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल निवासी कमरुद्दीन का परिवार मीरा शाह के यहां गया था।
उनकी पुत्री हिना तालाब में पानी लेने गई तो उसका पैर फिसल गया। कुछ दूरी पर खड़ी सलमा उसको बचाने के लिए तालाब में कूदी और छोटी बहन को तो बाहर निकाल लिया लेकिन पैर फिसलने से खुद गहरे पानी में चली गई। परिवार वाले मदद की गुहार लगाने लगे। दुर्ग पर मौजूद लोगों की तालाब में कूदने की हिम्मत नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर बरकोनिया थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों को चोपन से बुलवाया। रात भर गोताखोर शव की तलाश करते रहे। लेकिन कुछ पता नहीं चला। हालांकि रविवार की अलसुबह करीब पांच बजे गोताखोर शव ढूंढने में सफल रहे। यहां से घरवाले शव को लेकर घर पहुंचे। सरल स्वभाव की सलमा के शव को देखने के लिए मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि सलमा इस वर्ष एमए में एडमिशन लिया था।