पिपरी थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास कॉलोनी के पास शनिवार की सुबह एक कच्चा मकान धराशायी हो गया। इस हादसे में मलबे सेे दबकर मां-बेटी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जब कि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हिण्डाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसका दुष्परिणाम शनिवार की सुबह देखने को मिला। पिपरी थाना क्षेत्र में नगर के वार्ड तीन में सुरेंद्र सिंह का कच्चा मकान ढह गया। बताया जा रहा है कि झारखंड के धुरकी का निवासी सुरेंद्र अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहकर मजदूरी करता है।
शुक्रवार की रात उसके घर उसके दो मित्र भी आए थे। सभी लोग रात में खाना खाकर सो गए। इस दौरान शनिवार की भोर में करीब तीन बजे अचानक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में उसकी पत्नी सुनीता (30), बेटी पूजा (2) की मलबे मेें दबकर मौत हो गई, जबकि खुद सुरेंद्र और उसका एक दोस्त भगवानदास (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद शोर पर आसपास के लोगों के साथ ही घर में आए मेहमान रामलखन ने घायलों को फौरन मलबे से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना देकर उन्हें हिण्डाल्को अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पिपरी पुलिस ने मृतक मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र दुद्धी भेज दिया। बताया जा रहा है घटना के कई घंटे बाद तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।