राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव में शुक्रवार की सुबह छोटे बच्चे को लेकर हुए विवाद में जमकर मारपीट हुआ। विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडा चला। इसमें दोनों पक्षों से करीब12 लोग घायल हो गए। इनमें से दो-तीन की हालत गंभीर है। सभी का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। दोनों पक्षों की ओर से थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
गुरुवार की शाम छोटे बच्चों को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई। हालांकि ग्रामीणों ने लोगों के समझा-बुझाकर शांत करा दिया। बच्चों के विवाद को लेकर दोबारा शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे दोनों तरफ के लोग आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। शोर गुल सुनकर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी हिम्मत बीच बचाव करनी की नहीं हुई। प्रत्यदर्शियों के मुताबिक एक पक्ष के घायल आटो से कोतवाली जा रहे थे कि रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने बोलेरो से पीछा कर आटो को रोक कर उसमें सवार लोगों को दोबारा पीटा।
पुलिस के मुताबिक जिला अस्पताल मेें मारपीट में प्रथम पक्ष से घायल गिरिजाशंकर (40), छोटेलाल (60), रामा देवी (38), प्रशांत (18), विवेक (16), कुसुम (10) और दूसरे पक्ष के रामा (60), सीता (58), रेशमी (25), हिरालाल (30), ममता (25) और सुबाष (25) का इलाज कराया गया। बताया गया कि दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है जो भी इसमें दोषी मिलेगा उसके विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।