चोपन। पुलिस की गश्त की पोल खोलते हुए चोरों ने चोपन के प्रीतनगर में स्थित अंशुमान श्रीवास्तव की टायर की दुकान से नकदी समेत लाखों रुपये के टायर पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की रात हौसला बुलंद चोर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। ओबरा सीओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित दुकानदार अंशु की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
चोपन के प्रीतनगर निवासी अंशुमान श्रीवास्तव खुद के मकान में टायर की दुकान खोले हैं। प्रतिदिन की भांति सोमवार की रात करीब नौ बजे दुकान को बंद कर दुकानदार अपने रिहायशी मकान पर चले गए। मंगलवार की अलसुबह कुछ लोगों ने अंशुमान के दुकान का शटर टूटा देख उन्हें घटना की सूचना दी। दुकानदार ने दुकान के अंदर जाकर देखा तो टायर गायब था। काउंटर का लॉक भी तोड़ कर उसमें से रुपये निकाला गया था। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस अपने उच्चाधिकारियों को चोरी की सूचना दी। कुछ ही देर बाद ओबरा सीओ भी मौके पर पहुंच कर दुकानदार से चोरी गए सामानों के बारे में पूछताछ की। सीओ ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने काउंटर समेत अन्य स्थानों का फ्रिंगर प्रिंट भी लिया। दुकानदार ने तीन लाख के अधिक का टायर और हजारों रुपये चोरी होने की आशंका जताई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दुकानदार कितने टायर चोरी गया है इसका मिलान करने में जुटा था। ओबरा पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने कहा कि दुकानदार की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कहा कि जल्द ही चोरों को पकड़ कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।