घोरावल (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के कोरट गांव में पत्नी के ऊपर तीर से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक कोरट गांव निवासी वीरे केवट की पुत्री लीलावती (40) की शादी 20 वर्षं पूर्वं पास के ही रिजुल गांव में रामप्रसाद के साथ हुई थी। पति से विवाद के चलते एक साल से वह मायके में रह रही थी।
शुक्रवार को शाम चार बजे के बीच अपने भाभी मंता के साथ कोरट गांव में ही खेत में बोझ उठाने गई थी। तभी खेत में छुपकर बैठे पति ने बोझ उठाने के दौरान लीलावती पर तीर से हमला कर दिया। जांघ में तीर लगने से लीलावती खेत में गिर पड़ी। इसके बाद़ रामप्रसाद उसके ऊपर चढ़कर दोनों हाथों से तीर से उसके चेहरे पर वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे मजदूर एवं अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। भीड़ बढ़ती देख आरोपी भाग निकला। खबर पाकर पहुंचे इंस्पेक्टर आशीष कुमार सिंह एंबुलेंस से उसे सीएचसी पहुंचाए। लीलावती के पिता का कहना था कि पिछले वर्ष भी रामप्रसाद ने लीलावती को पत्थर से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। तब उसके सिर में छह टांके लगे थे। तभी से वह मायके में रह रही है। उसकी कुल सात संतानें हैं। पुलिस का कहना था कि रिजुल निवासी रामप्रसाद केवट के खिलाफ हत्या के प्रयास एवं अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।