सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी के समीप चोरी की ट्रैक्टर के साथ चोर को पकड़ कर लोगों ने पिटाई कर दी। शनिवार को राबर्ट्सगंज स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से ट्रैक्टर चुरा कर भाग रहा था। कड़ी मशक्कत कर भीड़ की चंगुल से पुलिस चोर को छुड़ाकर कोतवाली ले गई। यहां उससे पूछताछ की जा रही है।
राबर्ट्सगंज के टैगोर निवासी अवध किशोर सिंह की हाइडिल मैदान के समीप मेसर्स ओम बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान संचालित करते हैं। अवध किशोर का आरोप है कि शनिवार की सुबह करीब दस बजे एक चोर उनकी दुकान से उनका ट्रैक्टर चुराकर भागने लगा। इसकी जानकारी होने पर दुकानदार ने ट्रैक्टर की खोजबीन शुरू कर दी। करीब साढ़े 11 बजे हिंदुआरी के समीप राजमार्ग पर कुछ लोगों ने अवध किशोर का ट्रैक्टर चुराकर भागने वालों को पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को चोर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद पुलिस चोर को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई, जबकि दुकानदार अपना ट्रैक्टर ले गया। पुलिस ने बताया कि दुकानदार अवध किशोर ने अज्ञात के खिलाफ ट्रैक्टर चुराकर भागने की तहरीर दी है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है।