सोनभद्र। आयुष्मान भारत (प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना) के तहत चयनित सभी परिवारों का गोल्डेन कार्ड बनाने के लिए जिले में 21 जनवरी से अभियान शुरू हो गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत चयनित नौ राजकीय और 15 निजी अस्पतालों में गोल्डन कार्ड बनाया जा रहा है। पहले दिन करीब पांच सौ परिवारों का गोल्डेन कार्ड बना।
आयुष्मान भारत (प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना) के तहत जिले के करीब 1.44 लाख लोगों को लाभान्वित करना है। लेकिन अभी तक सिर्फ 16 हजार लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड बन पाया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान चलाकर चयनित परिवारों का गोल्डेन कार्ड बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। सोमवार से राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील क्षेत्र में स्थित नौ राजकीय और 15 निजी अस्पतालों में गोल्डेन कार्ड बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि 21 जनवरी से 30 जनवरी तक अभियान चलेगा। पहले दिन पांच सौ परिवारों का गोल्डेन का कार्ड बनाकर उन्हें उपलब्ध करा दिया गया है।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत चिन्हित अस्पतालों में तैनात आयुष्मान मित्रों द्वारा गोल्डेन कार्ड बना कर लाभार्थियों को मुहैया कराया जा रहा है। इसकी मानिटरिंग करने के लिए एससीएमओ और चार डिप्टी सीएमओ को लगाया गया है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार की महात्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ अधिक से अधिक गरीब परविारों को दिलाने का भरकस प्रयास किया जा रहा है।