घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के घुवास गांव स्थित पावर हाउस परिसर में शुक्रवार को बदमाशों ने लाठी-डंडे से संविदाकर्मी मोहन उर्फ अश्वनी दूबे (26) को पीट दिया। इस मामले में पुलिस ने अवर अभियंता की तहरीर पर तीन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे पावर हाउस पर बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत भरौली गांव निवासी मोहन उर्फ अश्विनी कुमार (26) मौजूद था। उसी वक्त इमिलिया गांव के रहने वाले विनोद मौर्या, घुवास निवासी शिवचरण बैसवार और दिलीपे पावर हाउस पहुंच कर मोहन से विवाद करने लगे। आपत्ति करने पर लाठी-डंडे से उसे पीटने लगे। इतना ही नहीं तीनों ने पावर हाउस में रखा पावर ट्रांसफार्मर की बुसिंग भी तोड़ दी। इसके बाद घायल को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि सीएचसी में मोहन का उपचार हुआ। विनोद मौर्या भी पूर्व में संविदा के रूप में पावर हाउस में काम करता था। वर्तमान में उसे काम से निकाल दिया गया है। इससे वह खुन्नस में था। बिजली विभाग के अवर अभियंता विनय कुमार गुप्ता की तहरीर पर विनोद, शिवचरण बैसवार व दिलीप के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।