बीजपुर। बैढ़न से बभनी जा रही अवैध शराब को बीजपुर के नकटु गांव के पास सोमवार की रात ग्रामीणों ने लूट लिया। ग्रामीणों ने पिकअप को रास्ते में रोक कर घटना को अंजाम दिया। पुलिस जब पहुंची तो वाहन में नौ पेटी शराब बरामद हुई। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। शराब लूटने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर-बैढ़न तिराहा के समीप नकटू से पुलिस ने सोमवार की रात साढ़े 10 बजे गश्त के दौरान पिकअप पर लदा नौ पेटी शराब बरामद किया है। पुलिस ने पिकअप व शराब को कब्जे में लेकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस को यह कामयाबी मिली है। वाहन की जांच करने पर उसमें नौ पेटी शराब बरामद हुई। इस मामले में वाहन चालक आरोपी बभनी थाना क्षेत्र के सांगोबांध गांव निवासी रामप्यारे पुत्र हरि नरायन को गिरफ्तार किया गया है। रामप्यारे ने पुलिस को बताया कि वह 25 पेटी शराब मध्यप्रदेश के शासन से लादकर बीजपुर बभनी मार्ग से झारखंड ले जाने के फिराक में था लेकिन रास्ते में अज्ञात लोगों नेे उसका पिकअप रोक कर 16 पेटी शराब पहले ही लूट ली। जब पुलिस ने पकड़ा तो केवल नौ पेटी शराब ही बरामद हुई। पुलिस ने 16 पेटी लूट मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।