सोनभद्र (दुद्धी)। कोतवाली क्षेत्र के अमवार ग्राम पंचायत के सिधवादामर गांव में शनिवार की रात अज्ञात लोगों ने घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी। बाइक के ब्लास्ट होने से चिंगारी एक कच्चे मकान पर गिरी जिससे मकान में भी आग लग गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
सिधवादोमर में रामवचन भुइयां पुत्र रामदुलार के घर झारखंड के रकसी कदवा गांव निवासी महेश अपनी बाइक से आया था। रात में उसकी बाइक घर के बाहर खड़ी थी। रात में किसी समय अराजक तत्वों ने बाइक में आग लगा दी। कुछ ही देर में बाइक ब्लास्ट कर जलने लगी। ब्लास्टिंग से चिंगारी रामवचन के कच्चे घर पर जा गिरी जिससे घर में भी आग लग गई। अराजक तत्वों ने बाइक में आग लगाने से पहले घर के दरवाजे की कुंडी भी बाहर से बंद कर दी थी। घर के अंदर सो रहे सदस्यों को जब आंच लगी तो वे उठ गए और शोर मचाने लगे। ग्रामीणों ने कुंडी खोलकर अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकाला तब जाकर उनकी जान बच सकी। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक घर में रखा पूरा सामान जल गया। रात में ही मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई।