डाला। चोपन थाना क्षेत्र के हरियरी गांव में नक्सली संगठन के व्यक्ति की मौजूदगी और असलहा-विस्फोटकों के अवैध भंडारण के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने रविवार को बभनमरी के जंगल से एक महिला को अवैध असलहा-कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसको हरियरी में निवास कर रहे नक्सली मनोज चेरो की प्रेमिका बताया जा रहा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, बारह बोर का दो जिंदा कारतूस, 315 बोर का छह खोखा बरामद किया।
हरियरी गांव में गत गुरुवार को मामूली विवाद की जांच के लिए पहुंची पुलिस को झारखंड के नक्सली गिरोह महेंद्र खरवार ग्रुप के सदस्य मनोज चेरो के निवास करने की जानकारी मिली थी और उसके आवास से असलहा और विस्फोटक बरामद किया गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई थी। इसी क्रम में पुलिस को पता चला कि उसकी प्रेमिका दिलवंती (30) बभनमरी के जंगल में मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस की एक टीम रविवार की सुबह बभनमरी के जंगल पहुंच गई और वहां दिलवंती को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर जंगल में ही छिपाकर रखा गया 315 बोर का डबल बैरल तमंचा, बारह बोर का दो जिंदा कारतूस, 315 बोर का सात फायरशुदा कारतूस बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि गुरुवार के वाकये के बाद मनोज बभनमरी में अपनी प्रेमिका दिलवंती के पास छिपा हुआ था। पुलिस ने सक्रियता बढ़ाई तो असलहा-कारतूस को वहीं छिपाकर कर भाग गया। पुलिस के मुताबिक दिलवंती के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कामयाबी पाने वाली टीम में चोपन-डाला पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की भी टीम शामिल रही।