सोनभद्र। आदर्श इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव की हत्या संस्कृत महाविद्यालय राबर्ट्सगंज के प्राचार्य जटाशंकर पांडेय ने ही कराई थी। एक पुजारिन के जरिए शूटरों को सात लाख की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने महिला सहित सात को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक बदमाश फरार है। बदमाशों के पास से 2.22 लाख रुपये, पांच तमंचे, पांच कारतूस, पांच मोबाइल बरामद हुए हैं। एसपी सलमान ताज पाटिल ने कोतवाली में मीडिया के सामने मामले का खुलासा किया। बताया कि छपका गांव में 30 मार्च की सुबह 5:30 बजे प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव की हत्या के मामले में उनके बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। बुधवार की रात पौने दो बजे राबटर्सगंज रेलवे स्टेशन के समीप घेराबंदी कर पुलिस ने प्रधानाचार्य की हत्या में शामिल राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरडीहा गांव निवासी संदीप उर्फ पाली पुत्र अवध बिहारी, श्यामबाबू पुत्र राजेंद्र प्रसाद, लक्ष्मण शर्मा पुत्र स्व. भुवनेश्वर, पुसौली निवासी कुंदन सोनकर और सहिजन निवासी काजू शर्मा पुत्र बृजलाल शर्मा को रुपये का बंटवारा करते समय गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने बताया कि डॉ. सुरेश राबर्ट्सगंज के हर्षनगर निवासी जटाशंकर पांडेय के खिलाफ पैरवी करते थे। परेशान जटाशंकर ने अपने रिश्तेदार मुठेर गांव निवासी पुजारिन विद्यावती देवी पत्नी विजयशंकर चौबे से सुरेश से मुक्ति पाने के लिए बातचीत की। विद्यावती ने अपने परिचित लक्ष्मण एवं उसके भाई राम से बात कराई मामला सात लाख में तय हुआ। वारदात के पूर्व चार लाख रुपये लक्ष्मण को दे दिए गए थे। पुलिस ने जटाशंकर और विद्यावती को भी गिरफ्तार कर सभी का चालान कर दिया। फरार राम शर्मा की तलाश की जा रही ह। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
हत्या में प्रयुक्त दोनों बाइक बरामद
सोनभद्र। हत्या में दो बाइक प्रयुक्त हुई थी जिन्हें गोराडीह गांव से बरामद कर लिया गया। इसमें पल्सर बाइक अधजली हालत में थी। घटना को अंजाम देने के पहले कई दिनों तक रेकी की गई थी। हत्यारोपी जटाशंकर पांडेय के खिलाफ राबर्ट्सगंज कोतवाली मेें धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तीन मुकदमे दर्ज हैं जबकि लक्ष्मण पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है।