अनपरा। अनपरा तापीय परियोजना के सीएचपी में कार्यरत एक संविदा श्रमिक की मौत हो गई। इससे नाराज श्रमिकों ने शनिवार की सुबह परियोजना प्रबंधन के खिलाफ परियोजना गेट पर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
जिला संयुक्त संघर्ष समिति के मंत्री सुरेंद्र पाल ने कहा कि श्रमिक लालबाबू को जनवरी 2019 से वेतन का भुगतान नहीं किया गया था। अनपरा प्रबंधन की लापरवाही और ठेकेदार की संवेदनहीनता के कारण एक-एक पैसे के लिए मोहताज श्रमिक लालबाबू की दवा के इलाज के अभाव में मौत हो गई। कहा कि परियोजना के कई ठेकेदारों के यहां वेतन बकाया चल रहा है जिससे मजदूर और उनका परिवार भुखमरी के कगार पर आ चुका है। जिला प्रशासन मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक की आश्रित पत्नी को परियोजना में संविदा पर नौकरी दिलाएं। नौजवान सभा के गुड्डू उपाध्याय और श्रमिक नेता मुन्ना मलिक ने कहा कि इस समय जब आचार संहिता लगी हो, कानून और न्याय की बात की जा रही हो, उस स्थिति में धनाभाव के कारण एक मजदूर की असामयिक मौत ने मजदूरों को झकझोर कर रख दिया है।
चुनाव बाद मजदूर निर्णायक लड़ाई शुरू करेगा। इस अवसर पर संजय शर्मा, उज्ज्वल गांगुली, मुक्तेश यादव, वीरेंद्र यादव, अशोक भारती, ओमप्रकाश सिंह, विक्रमा सिंह, लीलावती, राजकुमारी सहित सैकड़ों मजदूर मौजूद थे। वहीं संविदाकार राजा पांडेय का कहना है कि श्रमिक का कोई भी बकाया नहीं है। उसके वेतन का भुगतान आन लाइन चार दिन पूर्व ही किया जा चुका है।