दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र में रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढनीनाला के पास शनिवार की सुबह दस बजे सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठे स्कूल बस चालक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
विंढमगंज थानाक्षेत्र के कोलिनडूभा निवासी रामलगन पासवान (40) दुद्धी क़स्बे के सेंट जेवियर्स स्कूल में बस चालक था। रोजाना की भांति शनिवार की सुबह वह बच्चों को स्कूल छोडने के बाद लौवा नदी के पास स्थित स्कूल के मेस में नाश्ता करने गया। वहां से दस बजे के करीब पैदल वापस लौट रहा था। थकान महसूस होने पर बढनीनाला के पास पडने वाले कब्रिस्तान के सामने सड़क किनारे स्थित नीम के पेड़ के नीचे बैठ गया। तभी लौवा नदी की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और उसे कुचलते हुए पेड़ से जा टकराया। लहूलुहान हालत में रामलगन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर बीड़र की तरफ से दुद्धी आ रहा था। लौवा नदी के समीप स्थित ट्रैक्टर एजेंसी के पास पहुंचा तो उसका चालक बदल गया। नया चालक एक हाथ से मोबाइल से बात करने लगा और दूसरे हाथ से गियर लगा कर ट्रैक्टर आगे बढ़ाने लगा। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और रामलगन को कुचलते हुए पेड़ से जा टकराया।
पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर अभी कोई तहरीर नही मिली है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश जारी है। उधर, घटना के बाद कोलिनडूभा में मातम की स्थिति बनी रही। उसके पत्नी-बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा? परिवारीजनों को इसकी चिंता सताए रही।