ओबरा। थाना क्षेत्र के परसोई गांव में बुधवार की रात कुछ लोगों ने मोहर्रम के चबूतरे के विवाद में लाठी-डंडा, टंगारी, फावड़ा से अनवर अली (50) की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ नामजद एवं दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही 11 लोगों को हिरासत में ले लिया है। बृहस्पतिवार को डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव व एसपी सलमान ताज पाटिल ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। गांव में तनाव को देखते हुए एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। स्थिति तनाव पूर्ण बनी हुई है।
ओबरा थाना क्षेत्र के परसोई गांव में मोहर्रम के चबूतरे को लेकर करीब छह माह से विवाद चल रहा है। पूर्व में यहां हुए विवाद पर तत्कालीन एसडीएम, सीओ और ओबरा थानाध्यक्ष ने मामला शांत करा दिया था। बुधवार की रात फिर इसी चबूतरे को लेकर पुन: विवाद हो गया। दो पक्षों में हुए विवाद में पहले कहासुनी हुई और फिर लाठी डंडा चलना शुरू हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने लाठी-डंडा, टंगारी, फावड़ा से पीट-पीटकर अनवर अली की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी अनवर के पुत्र ऐनुल हक ने ओबरा पुलिस को दी। इस पर देर रात पुलिस मौके पर पहुंच गई। यहां तनाव को देखते हुए मामले की सूचना एसपी को दी गई। ऐनुल की तहरीर पर ओबरा पुलिस ने परसोई उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक रविंद्र खरवार, राजेश प्रजापति, राजेश खरवार, संतोष कन्नौजिया, त्रिलोकी नाथ, वरुण कन्नौजिया, रामवचन, इंद्र कुमार, शिव मंगल, विनोद कुमार, शंभू खरवार, शेरू पनिका, परमानंद, पारसनाथ, विश्वनाथ, रामकृष्ण, अनिल कुमार, कांता प्रसाद, संतोष कुमार सभी निवासी परसोई व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं। बृहस्पतिवार की सुबह डीआईजी विंध्याचल मंडल पीयूष श्रीवास्तव, एसपी सलमान ताज पाटिल, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात की गई है। एसपी सलमान ताज ने बताया कि मोहर्रम के इमाम चौक को लेकर विवाद था। आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तक 11 लोग हिरासत में लिए गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।