सोनभद्र (कोन)। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ झारखंड के एक गांव के जंगल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म करने वाले युुवक ने किशोरी को उसके गांव पहुंचाने का झांसा देकर बाइक पर बैठाया और फिर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। किशोरी को रिम्स हास्पिटल रांची में भर्ती कराया है। किशोरी के बयान पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोन थाना क्षेत्र की करीब 11 वर्ष की एक लड़की अपनी बीमार मां का सामान पहुंचाने शुक्रवार की सुबह विंढमगंज रेलवे स्टेशन गई थी। मां वहां से ट्रेन पकड़ कर चुनार चली गयी और लड़की बस से अपने गांव के लिए निकल गई। लेकिन बस से वह अपने गांव में नही उतर सकी और सीधे कोन बस अड्डे पर पहुंच गई। वहां उसे एक युवक मिला और उसने लड़की को उसके गांव पहुंचाने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया। वह उसे लेकर खरौंधी (झारखंड) थाना क्षेत्र के अमरोरा गांव में लेकर चला गया। शुक्रवार के शाम को झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र के जंगल में बेसुध हाल में किशोरी को एक महिला ने देखा। फिर जानकारी मिलने पर खरौंधी थाना प्रभारी भुवनमणि पाठक ने लड़की का प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने लड़की से पूछताछ भी की लेकिन लड़की ने कोई भी बयान नही दिया। फिर किशोरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर भेजा गया जहां हालत गंभीर देख उसे सदर अस्पताल गढ़वा और फिर वहां से शनिवार की सुबह रिम्स हास्पिटल रांची के लिए रेफर किया गया। लड़की के परिजनों के मुताबिक होश आने पर लड़की ने घटना के बारे में जानकारी दी है और गढ़वा के एएसपी ने उसका बयान लिया है। घरवालों के मुताबिक लड़की ने बताया है कि उसे बाइक पर बैठाकर ले जाने वाले ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे जंगल में ही छोड़ दिया।