सोनभद्र। शादी करने का झांसा देकर शादीशुदा युवक एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करता रहा। तीन माह तक इलाहाबाद में आरोपी युवक छात्रा को अपने साथ रखा रहा। शादी करने की बारी आई तो युवक ने इंकार कर दिया। पिछले दिनों पीड़िता की तहरीर पर राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी बबलू सोनकर समेत चार के खिलाफ बलात्कार समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। गुरुवार को महिला पुलिस पीड़ित को उम्र की जांच कराने के लिए सीएमओ कार्यालय लेकर पहुंची।
राबर्ट्सगंज कोतवाली के एक गांव की रहने वाली पीड़ित इंटर की छात्रा ने बताया कि राबर्ट्सगंज का रहने वाला बबलू शादी करने का झांसा देकर उसे घर से भगा ले गया था। इलाहाबाद में किराए के मकान में रखकर युवक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। फरवरी 2018 में युवक की पहली बीवी इलाहाबाद पहुंची तो उसे सच की जानकारी हुई। एक मार्च को युवक के घरवाले उस यह कह कर इलाहाबाद से राबर्ट्सगंज लेकर आए कि चलो वहां पर तुम्हारी शादी की जाएगी। लेकिन अब बबलू व उसके घरवाले शादी करने से इंकार कर रहे हैं। इतना ही नहीं आरोपी युवक ने मोबाइल भी बंद कर दिया। उसको भगाने में आरोपी के भाइयों ने सहयोग किया था। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया आरोपी बबलू सोनकर, मनोज, संजय और पूजा के खिलाफ बलात्कार समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।