सोनभद्र के घोरावल ब्लॉक में तैनात परिषदीय विद्यालयों के तीन शिक्षकों की पाठ्ययोजना का चयन राज्य स्तर पर हुआ है। शिक्षकों की इस सफलता पर मंगलवार को ब्लाक संसाधन केंद्र घोरावल के सभागार में राज्य स्तर पर पुरस्कृत इन शिक्षकों को खंड शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया।
शिक्षा क्षेत्र घोरावल से इस वर्ष तीन अध्यापकों की पाठ्ययोजना को राज्य स्तर पर चयनित किया गया है। प्राथमिक विद्यालय देवगढ़ के प्रधानाध्यापक अखिलेश सिंह की पाठ्ययोजना पर्यावरण विषय के लिए, प्राथमिक विद्यालय दुरावल खुर्द के प्रधानाध्यापक राजकुमार सिंह की पाठ्ययोजना अंग्रेजी विषय के लिए और प्राथमिक विद्यालय वीरखुर्द के प्रधानाध्यापक शिवशंकर की पाठ्ययोजना गणित विषय के लिए चयनित किया गया है। शिक्षकों की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने इन शिक्षकों का माल्यार्पण व अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने मिशन प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए विकास खंड घोरावल के साथ जनपद सोनभद्र को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर एसआरजी संजय मिश्रा ,राजेश सिंह, मयंक दुबे, संजय मिश्रा, राजीव कुमार, संतोष सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन एआरपी दीनबंधु त्रिपाठी ने किया।