रसोइयों को फालोवर पद पर समायोजित करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में माध्यमिक भारतीय रसोइयां वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में धरना दिया। सीएम के नाम सात सूत्री मांगपत्र डीएम को सौंपा। चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
जिलाध्यक्ष श्रीनारायन केशरी की अगुवाई में रसोइयों ने कलेक्ट्रेट ताकत का एहसास कराया। प्रदेश अध्यक्ष तैयब अंसारी ने कहा कि प्रदेश सरकार जब तक शासकीय, परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों की मांगें पूरी नहीं करेगी, हस्ताक्षर अभियान के तहत रसोइयां प्रतिदिन सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र भेज कर मांग पूरा करने का अनुरोध करते रहेंगीं।
सपा नेता आनंद त्रिपाठी ने कहा कि ग्रीष्मावकाश में विद्यालय में एमडीएम के तहत खाना बनाना उचित नहीं है। ऐसी स्थिति में छात्रों को अनाज और कन्वर्जन की धनराशि वितरित किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि रसोइयां के नवीनीकरण की व्यवस्था समाप्त कर कार्यरत रसोइयों को टोपी, दस्ताना आदि उपलब्ध कराने की मांग की।
बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान, जून में रसोइयों से काम लेने पर मानदेय और समायोजन को लेकर रसोइयों ने हुंकार भरी। मानदेय पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। प्रदर्शन मेें उषा शाहू, कामेश्वर प्रजापति, धनसु, चंद्रावती, सुरेश, विद्यावती, कांता, कैलाश, धनकधारी, केवला देवी आदि शामिल रहीं।