राबर्ट्सगंज के ब्रह्मनगर में पानी के संकट से क्षुब्ध लोगों ने रविवार को डिब्बा-बाल्टी लेकर प्रदर्शन किया। दिन में दो बार टैंकर से पानी की आपूर्ति की मांग की। उधर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक कर जिला प्रशासन से पानी की व्यवस्था कराने की मांग की।
ब्रह्मनगर में पानी का संकट गंभीर स्थिति में आ गया है। नगर के कुछ हिस्से ऐसे हैं जहां पानी बिल्कुल ही नहीं मिल पा रहा है। इससे लोग काफी दूर जाकर हैंडपंपों से पानी ला रहे हैं। रविवार को डिब्बा-बाल्टी लेकर पानी के लिए सड़क पर उतर आए। लोगों का कहना था कि ब्रहमनगर की चौथी गली के लोग में तो लोग दूसरी गलियों में जाकर पानी ला रहे हैं।
नगरवासियों ने दिन में दो बार टैंकर से पानी की आपूर्ति कराने की मांग की। उधर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में बैठक कर पानी की आपूर्ति समय से न होने पर असंतोष जाहिर किया है। बैठक में संगठन के राबर्ट्सगंज लोकसभा के सचिव सूरज वर्मा ने कहा कि नगर पालिका की ओर से पूरी तरह पानी की आपूर्ति नगर के सभी हिस्सों में नहीं की जा रही है। इससे पानी की विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने नगर में दिन में दो बार पानी की आपूर्ति किए जाने की मांग की ताकि पानी की समस्या से निजात मिल सके।
मोहम्मद सलीम ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर नगर के लोगों में असंतोष है। यदि पानी की समस्या को दूर नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में हरिशंकर, रामपूजन, मनोज गुप्ता, अमित, नूरजहां, सुदामा देवी, रानी, बेबी, किरन श्रीवास्तव, सितारा बेगम, सुमन देवी, रवि, दीपक, शुभम मौजूद रहे।