बभनी। जिले से सटे मध्य प्रदेश के खजूरी गांव निवासी संविदाकर्मी अजीत दुबे की मौत का मामला गरमाने लगा है। मृतक के पिता राजेंद्र दुबे ने एक ठेकेदार पर बेटे की हत्या करने की आशंका जाहिर की है। परिजनों ने डीएम, एसपी सहित सांसद रीति पाठक को पत्र भेज कर घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
बता दें कि अजीत दुबे एमपी के विन्ध्यनगर एनटीपीसी पावर प्रोजेक्ट में स्टार इलेक्ट्रिकल कंपनी में संविदा कर्मी के रूप में काम करते थे। नौ अक्तूबर की रात अजीत ड्यूटी गए थे उसके बाद घर वापस नहीं आए। परिजनों ने दूसरे दिन सुबह उन्हें फोन किया तो घंटी गई लेकिन कुछ देर बाद फोन बंद बताने लगा। लोगों ने ड्यूटी स्थल जाकर देखा तो अजीत नहीं थे। काफी खोजबीन के बाद प्रशासन और प्रबंधन के सहयोग से अजीत का शव 14 अक्तूबर को कार्यस्थल से कुछ दूर परियोजना के अंदर पानी से बरामद हुआ था। मृतक के पिता राजेंद्र दुबे ने उच्चाधिकारियों सहित विन्ध्यनगर पुलिस को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि कंपनी के एक ठेकेदार से कुछ दिन पूर्व अजीत की कहासुनी हुई थी जिसमें कथित ठेकेदार ने जान से मारने की धमकी दी थी।