नामांकन की तिथि नजदीक आने के बाद भी भाजपा में उम्मीदवारों के नाम तय नहीं हुए हैं। खुद का टिकट पक्का कराने के लिए दावेदार बड़े नेताओें के साथ ही अब मंदिरों की परिक्रमा कर रहे हैं। कोई बाबा विश्वनाथ और काशी के कोतवाल काल भैरव का आशीर्वाद ले रहा है तो कोई मां विंध्यवासिनी के धाम में माथा टेक रहा है। कुछ दावेदार लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर ही झोली फैलाकर बैठ गए हैं ताकि टिकट उनके पाले में ही आए।
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया दस फरवरी से शुरू हो जाएगी। सपा गठबंधन की ओर से चारों सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं। तीन सीटों पर कांग्रेस ने भी पत्ते खोल दिए हैं। बसपा के चेहरे लगभग तय हैं सिर्फ औपचारिक घोषणा शेष है। इससे इतर सत्ताधारी दल भाजपा की ओर से अब तक टिकट पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। वर्तमान विधायक अपना टिकट तय मान रहे हैं जबकि अन्य दावेदार खुद को मजबूत बता रहे हैं। इसके लिए सभी ने एड़ी-चोटी का जोर भी लगा दिया है। अब अंतिम समय में वह ईष्ट देव को मनाने में भी पीछे नहीं है। मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ के मंदिरों में पहुंचकर वह कृपा बरसाने की कामना कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी खूब वायरल हो रही हैं।