डाला विकास खंड चोपन के ग्राम पंचायत कोटा के भवानी कटरिया टोले में सहसबल के घर से देव कुमार के घर तक संपर्क मार्ग टूटने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। खेत की मेड़ के सहारे लोगों को आना-जाना पड़ रहा है।
निवर्तमान ग्राम प्रधान रही मुरहिया देवी के कार्यकाल में शक्तिनगर मुख्य मार्ग से भवानी कटरिया को जोड़ने वाला मार्ग बना था। जलनिकासी की सुविधा न होने से बारिश में संपर्क मार्ग टूट कर बह गया। पतिराज ने बताया कि पानी की निकास के लिए जो पाइप लगा था वह केवल एक फिट मोटा था जिससे पानी नहीं निकल पाता था। भोला का कहना है कि कई बार जलनिकासी की व्यवस्था कराने के लिए पूर्व सेक्रेटरी व प्रधान को कहा गया लेकिन ध्यान नहीं दिया। राम दुलारे ने बताया कि जितना पानी जंगल से आता है उसके हिसाब से पाइप नहीं लगी थी। विजय ने बताया कि संपर्क मार्ग टूट कर बह गया, लेकिन कोई उनकी सुध तक लेने नहीं आया। उन्होंने डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क का निर्माण कार्य कराने की मांग की है।