दुद्धी। स्थानीय ब्लॉक सभागार में जिला पंचायत राज अधिकारी ने मंगलवार को पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शौचालयों के निर्माण, सैनिटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने को लेकर पंचायत सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि सभी ब्लॉकों में शौचालयों का निर्माण शुरू हो गया है। इसके निर्माण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए और सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखा जाए।
डीपीआरओ आरके भारती ने बताया कि घोरावल ब्लॉक में 19 शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। इसी तरह से रॉबर्ट्सगंज में 14, चतरा में 15, नगवां में 13, चोपन में 18, दुद्धी में 5, म्योरपुर में 15 और बभनी ब्लॉक में पांच शौचालयों पर कार्य शुरू कर दिया गया है। बैठक में उन्होंने सचिवों को निर्देशित किया कि शौचालय के निर्माण के समय सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान दिया जाए तथा जो भी लेबर, मजदूर कार्य कर रहे हैं उनको मास्क लगाना अनिवार्य होगा या गमछे से अपना मुंह बांध लें।
हर निर्मित हो रहे शौचालय के पास साबुन की भी व्यवस्था की जाए जिससे कि मिस्त्री एवं लेबर प्रत्येक घंटे अपना हाथ धुल सकें। प्रत्येक दशा में शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाना है जिसमें सर्वप्रथम शौचालय का निर्माण पूर्ण होते ही उनका प्रयोग भी सुनिश्चित कराया जाना है। बैठक में एडीओ पंचायत रविदत्त मिश्रा, वरिष्ठ सहायक सैफुल्लाह खांएवं विकास खंड के सभी खंड प्रेरक उपस्थित रहे।