सोनभद्र। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैश बोर्ड से विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। सभी विभागों को शासन से मिले लक्ष्य को शत-प्रतिशत निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण करें, जिससे आवास निर्माण की गुणवत्ता की स्थिति का पता चल सके। प्रधानमंत्री आवास के सर्वे में पात्रता की भी जांच सुनिश्चित की जाय। आवास निर्माण के निरीक्षण रिपोर्ट से भी अवगत कराएं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि बाजारों में बिकने वाली खाद्य सामग्री का निरीक्षण नियमित रूप से करते रहें। मिलावट पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाय। मिलावट खोरी की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी आरएमओ को निर्देशित किया कि गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण करें। गेहूं खरीद के समय किसानों को किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। लाभार्थीपरक योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाए। निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा कराएं अन्यथा की स्थिति में जिस स्तर से कमी मिलेगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उच्च स्तर पर पत्राचार भी किया जाएगा। बैठक में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, एसडीएम सदर उत्कर्ष द्विवेदी, विवेक सिंह, निखिल यादव आदि मौजूद रहे।