ोरावल ब्लॉक के तिलौली में सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण करते डीपीआरओ विशाल सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में गड़बड़ी की पोल खुलने लगी है। बृहस्पतिवार को डीपीआरओ की जांच में तिलौली कला का सामुदायिक शौचालय अधूरा मिला। इस पर ताला भी बंद था। शौचालय में बिजली, पानी और पानी की टंकी का काम अधूरा था। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए डीपीआरओ ने ग्राम सचिव का वेतन रोकते हुए एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने को कहा है। हिदायत दी कि एक सप्ताह में अधूरे काम पूरे नहीं होते हैं तो निलंबन की कार्रवाई होगी।
डीपीआरओ विशाल सिंह बृहस्पतिवार को अचानक घोरावल ब्लॉक के तिलौली कला गांव पहुंचे। यहां सामुदायिक शौचालय पर ताला बंद मिला। ताला खोलवाकर अंदर गए तो देखा कि न तो बिजली का काम पूरा हुआ है और न ही पानी का। टाइल्स का काम भी अधूरा था। शौचालय के बाहर रैंप और फर्श भी नहीं बनी थी। इसी गांव में अंत्येष्टि स्थल में शांति स्थल का निर्माण 70 प्रतिशत तक पूरा हुआ है जबकि शव दाह स्थल पर काम चल रहा था। डीपीआरओ ने कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने की हिदायत दी। ग्राम पंचायत पिडरिया में निर्मित सामुदायिक शौचालय में रोशनदान नहीं बना था। बिजली की वायरिंग भी अधूरी थी। पानी के कनेक्शन का काम तो पूरा था लेकिन टोटी नहीं लगी थी। पानी की टंकी भी नहीं लगी थी। गमला और पाइप की गुणवत्ता भी खराब मिली। डीपीआरओ ने इसे बदलने का निर्देश दिया। उन्होंने घोरावल ब्लॉक के सभी ग्राम सचिवों व एडीओ पंचायत को सामुदायिक शौचालयों का कार्य गुणवत्तापूर्ण कराते हुए समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय संबंधित सचिव, ग्राम प्रधान और डीपीसी अनिल केशरी उपस्थित रहे।