वीडियो कांफ्रेंस करते सीएम योगी।
- फोटो : ani
‘अशोक जी मैं मुख्यमंत्री बोल रहा हूं, आपको भरपेट खाना मिला न, कोई परेशानी हो तो सीधा बताएं। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोनभद्र जिले में रैंडम वीडियो कालिंग के दौरान जिले के रौप निवासी अशोक से कहीं। उन्होंने मजदूर दिवस पर प्रदेश के कई जिलों में श्रमिकों से वीडियो जूम एवं मीटिंग के जरिए वार्ता की।
वार्ता के दौरान सीएम ने श्रमिकों का हाल-चाल पूछा। जिन श्रमिकों को दिल्ली बार्डर से उनके संबंधित जिलों में यूपी शासन ने रोडवेज बसों से पहुंचाया था, ऐसे श्रमिकों से उनके लिए किए गए परिवहन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि रास्ते में कोई दिक्कत तो नहीं हुई। आपदा सहायता राशि, खाद्यान्न वितरण एवं पारिवारिक कुशल क्षेम पूछा।
सीएम ने अशोक को माता-पिता की सेवा करने की सलाह दी। कहा कि घर में रहकर लॉकडाउन का पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखें और यदि इस दौरान कोई परेशानी हो तो इसकी जानकारी दें, ताकि समस्या का त्वरित निदान किया जा सके। कहा कि जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन पर फोन करें। इस दौरान डीएम एस. राजलिंगम मौजूद रहे।