सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में पानी के लिए भटकते हुए आया चीतल।
- फोटो : अमर उजाला।
गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी का संकट होने लगा है। बृहस्पतिवार शाम एक चीतल पानी की तलाश में सोनभद्र जिले के कादल गांव पहुंच गया। इस दौरान वह कुएं में गिरने से घायल हो गया। वन विभाग कर्मियों ने उसे बाहर निकलवा कर उपचार कराया। वन क्षेत्राधिकारी दिवाकर दूबे के मुताबिक चीतल को स्वस्थ होने पर हाथीनाला के जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार की शाम चीतल पानी की तलाश में हाथीनाला के जंगल से भटक कर दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में पहुंच गया। वहां पानी के लिए झांकते समय कुएं में गिर पड़ा। उधर से गुजर रहे लोगों ने वन विभाग के कर्मचारियों को जानकारी दी। तब वनकर्मी पहुंचे और घायल चीतल को रस्सी के सहारे कुएं से बाहर निकाला और उसे रेंज कार्यालय ले गए।
वहां दुद्धी के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रदीप सिंह ने चीतल का उपचार किया। रेंजर दिवाकर दूबे ने बताया कि ऊंचाई से गिरने से चीतल घायल हो गया है उसका उपचार कराया जा रहा है। जैसे ही वह स्वस्थ हो जाएगा, हाथीनाला के जंगल में छोड़ दिया जाएगा।