सोनभद्र। संक्रमण पर रोक के लिए जिले के 637 ग्राम पंचायतों में सफाईकर्मियों की ब्लाकवार टोलियां बनाकर सफाई कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। सफाई कार्य के लिए टोलियों का ग्राम पंचायतवार रोस्टर तैयार किया गया है। इन टोलियों में कुल 1376 सफाईकर्मी शामिल किए गए हैं।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के लिए पंचायत राज विभाग गांवों में सफाईकर्मियों की टोलियां बनाकर सफाई कार्य करा रहा है। प्रत्येक टोली में 10 से 15 सफाईकर्मी शामिल किए गए हैं। सर्वाधिक 14 टोलियां घोरावल ब्लाक के 144 ग्राम पंचायतों में सफाई के लिए बनाई गई हैं। जबकि बभनी के 40 व चतरा के 60 ग्राम पंचायतों में सफाई के लिए पांच-पांच टोलियां बनाई गई हैं। इनके अलावा चोपन ब्लाक के 61 ग्राम पंचायतों में 9, दुद्धी के 60 ग्राम पंचायतों में 8, म्योरपुर के 80 ग्राम पंचायतों में सफाई कार्य के लिए 8 टोलियां बनाकर साफ-सफाई कराई जा रही है। इसी तरह से नगवां ब्लाक के 52 ग्राम पंचायतों में सफाई के लिए 7 और राबर्ट्सगंज के 140 ग्राम पंचायतों में सफाई के लिए 11 टोलियां बनाकर साफ-सफाई कराई जा रही है। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल का कहना है कि साफ-सफाई के लिए बभनी ब्लाक में 69, चतरा में 182, चोपन में 67, दुद्धी में 95, घोरावल में 341 व म्योरपुर में 119 सफाईकर्मी लगाए गए हैं। इसी तरह से नगवां में 128 और राबर्ट्सगंज ब्लाक में 375 सफाई कर्मियों को साफ-सफाई कराई जा रही है। विभाग के कर्मचारी उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सैनिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। समय-समय पर निरीक्षण कर सफाई कार्य की जांच भी की जा रही है।