म्योरपुर। खेल मैदान में थ्री स्टार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में चल रहे 18वें अंतरराज्यीय ड्यूज क्रिकेट टूर्नामेंट के छठवें दिन का मुकाबला सोमवार को वाराणसी और चोपन के बीच खेला गया। चोपन ने वाराणसी को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
टॉस जीत कर चोपन की टीम ने क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वाराणसी की टीम ने 15 ओवरों में सभी विकेट खोकर मात्र 64 रन ही बनाए। वाराणसी की ओर से आशीष ने 21 बाल पर 19 रनों का सर्वाधिक योगदान अपनी टीम के लिए दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चोपन की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर ही जीत हासिल कर ली। चोपन के बल्लेबाज अक्षय ने 12 गेंद पर 29 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भाजपा मंडल मंत्री चंद्रभूषण मिश्रा के हाथों चोपन के खिलाड़ी विनीत पांडेय को दिया गया। निर्णायक की भूमिका शमशाद अली व रंजीत जायसवाल ने निभाई। इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अफजल अंसारी, राजन गुप्ता आदि मौजूद रहे।