सोनभद्र। ससुराल में दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई किए जाने तथा अजन्मे बच्चे की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में चोपन पुलिस ने विवाहिता के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
चोपन निवासी विवाहिता ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2020 में सदर कोतवाली के राबर्ट्सगंज निवासी श्रीराम सोनकर से हुई है। शादी के एक माह बाद ही कार और नकद के लिए लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। एक माह बाद मायके जाने पर इसकी जानकारी दी। हालांकि मायके के लोगों के समझाने के बाद वह आठ माह बाद विदा होकर ससुराल गई। जहां उसे फिर से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस दौरान वह गर्भवती हुई। जब उसने पति को यह बात बताई तो वह नाराज हो गया। पिटाई की। पैर से पेट पर प्रहार किए। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। मायके के लोग उसे लेकर हिन्दुआरी स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। जहां बच्चा मरा हुआ पैदा हुआ। मामले में चोपन पुलिस ने राबर्ट्सगंज निवासी पति श्रीराम सोनकर, चचेरे ससुर गणेश, चचेरी सास गुड्डी देवी, ननदाेई पगलू और बबुन्दर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।