आगामी दिनों में पड़ने वाले त्योहारों के मद्देनजर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। सभी से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने में सहयोग की अपील की गई।
कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम चंद्र विजय सिंह ने कहा कि आप सभी लोग अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करें। जिस तरह बीते वर्षों में सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे से सभी त्योहार मनाते रहे हैं, वैसे ही गंगा जमुनी तहजीब को कायम रखें। किसी प्रकार की भ्रामक खबरों को प्रसारित करने से बचें और कोई भी इस प्रकार की सूचना उन्हें प्राप्त होती है तो उसके बारे में तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं। उन्होंने बताया कि त्योहारों पर किसी भी प्रकार की नई परंपरा आरंभ न की जाए। सभी निकायों के ईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि त्योहार के समय अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ सफाई की व्यवस्था मुकम्मल रखें। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा और बकरीद के दृष्टिगत सुरक्षा से संबंधित सारी तैयारियां पूर्ण कर ली जाए। सार्वजनिक सड़कों पर नमाज या अन्य किसी प्रकार के कार्य न किए जाएं। प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न हो और न ही लाउडस्पीकर को निर्धारित सीमा से तेज आवाज में बजाया जाए। बैठक में एडीएम वित्त सहदेव कुमार मिश्र, एएसपी विनोद कुमार, एसडीएम एसपी सिंह, शैलेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।