। शाहगंज थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में शुक्रवार को पशु चराने को लेकर हुए विवाद में तीर से वार कर पशुपालक की हत्या कर दी गई। आरोपी वन विभाग का चौकीदार (वाचर) है। मारपीट में उसे भी गंभीर चोट आई है। जिला अस्पताल में उपचार के बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
राजपुर गांव निवासी शुक्रवार की शाम बनवारी पाल (55) रोज की तरह महुअरिया डाक बंगले से सटे हदहदवा की पहाड़ी के पास अपने भैंसों को लेकर चारा पानी दे रहा था। इसी दौरान वन विभाग का चौकीदार सुक्खन बैगा वहां पहुंचा। वन क्षेत्र में पशु चराने को लेकर उसका वनवारी पाल से विवाद हुआ। दोनों मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसी विवाद में सुक्खन ने तीर से हमला कर दिया। सीने में तीर लगने से बनवारी पाल की मौत हो गई। मारपीट में सुक्खन को भी गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस और परिजनों ने सुक्खन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष वंदना सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बताया कि बनवारी पाल के बेटे जय प्रकाश पाल की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि पशु चराने के विवाद में वन विभाग के वाचर ने तीर से वार कर पशुपालक की हत्या की है। मामले में केस दर्ज कर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात है।