सोनभद्र। घोरावल तहसील क्षेत्र में मंगलवार को 141 बोरी यूरिया डंप करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही जिन दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। जिला कृषि अधिकारी कालाबाजारी के लिए यूरिया रखने वाले के खिलाफ केस कराने के लिए डीएम से अनुमति मांगने की तैयारी कर रहे है।
जिले में यूरिया की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए डीएम एस. राजलिंगम ने राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील में तहसीलदारों की अगुवाई में टीमें गठित कर दी है। टीमों को निर्धारित दर से अधिक रेट पर यूरिया आदि बेचने वालों केे खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को तहसीलदारों ने कृषि विभाग से जुड़े लोगों के साथ 23 उर्वरक की दुकानों पर पर पहुंचकर स्टाक रजिस्टर, उर्वरक, पॉश मशीनों से विक्रय की गई उर्वरक आदि की जांच की पड़ताल की। विभिन्न दुकानों से उर्वरक के 15 नमूने लिए गए।
घोरावल तहसील क्षेत्र के इमलीपुर में तीन उर्वरक की दुकानों पर अभिलेख अपूर्ण मिलने पर उनका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। फूलवारी क्षेत्र में एक मकान में अवैध ढंग से रखी गई 141 बोरी यूरिया को सील कर दिया गया। कृषि अधिकारी पीयूष राय का कहना है कि नियमों को दरकिनार कर यूरिया रखने वाले के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराने के लिए रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। जिन दुकानों पर अभिलेख पूर्ण नहीं मिले थे उन दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। संतोष जनक जवाब न देने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित दर से अधिक मूल्यों पर यूरिया, बीज, कीटनाशक दवाएं आदि बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।