सदर कोतवाली पुलिस ने कुसाही गांव में दंपती की पिटाई करने के मामले में सगे भाइयों समेत नौ लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई पीड़ित मनोज कुमार की तहरीर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित मनोज ने तहरीर के माध्यम से अवगत कराया है कि 21 फरवरी को साढ़े सात बजे वह ट्रैक्टर लेकर राबर्ट्सगंज से घर जा रहा था। रास्ते में खड़े ट्रैक्टर व ठेला हटाने के लिए उन्होंने कहा तो विपक्षीगणों ने इनकार कर दिया। उसका आरोप है कि एक राय होकर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। शोर-शराबा सुनकर उसकी पत्नी अमृता बीच बचाव करने के लिए गई तो मनबढ़ों ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया। घायल दंपती ने उपचार कराकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि घायल की तहरीर पर कुसाही गांव निवासी लालमनी, सुरेश, उसकेे भाई रमेश, श्यामलाल, मुकेश, प्रकाश और तीन अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।