अवैध परिवहन को संरक्षण देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने क्रशर मालिक, पासर, वाहन स्वामी सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया है। उन पर राजस्व की चोरी, आपराधिक साजिश रचने का आरोप है। खनन विभाग की ओर से दी तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।
खनन विभाग के अनुचर हनुमान पाठक ने दी तहरीर में बताया कि वे सुबह दस बजे के करीब खनन बैरियर लोढ़ी पर होमगार्ड कृष्णा के साथ मौजूद था। यहां अधिकारी खनिज लदे वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सोनभद्र के नंबर का एक ट्रक तिरपाल से ढका आया। वाहन को रोककर चेक किया गया तो उस पर 31.41 घनमीटर गिट्टी लोड मिला। मड़िहान के नकटी निवासी चालक पन्नू उर्फ ओमप्रकाश कोई भी संबंधित प्रपत्र नहीं दिखा सका। पूछने पर बताया कि ट्रक मालिक के कहने पर उसने बिना परमिट के गिट्टी जय दुर्गा स्टोन क्रशर कोठा टोला बिल्ली मारकुंडी क्रशर प्लांट से लोड किया है।
यह भी बताया कि उसके मालिक ने छोटू नाम के व्यक्ति का नंबर देकर बात करने को कहा है। यह व्यक्ति लोकेशन देकर गाड़ी पास करवा देगा। वाहन को पुलिस बल की सहायता से मंडी परिसर में सीज कर दिया गया है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जय दुर्गा स्टोन क्रशर कोठा टोला बिल्ली मारकुंडी के संचालक, पासर छोटू, चालक पन्नू और ट्रक मालिक पर चोरी, सरकारी राजस्व की क्षति, खनिज अधिनियम और साजिश रचने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।