दुद्घी में पुलिस क्षेत्राधिकारी राम आशीष यादव मृतक की पत्नी रूबी देवी और परिजनों को समझाते।
- फोटो : SONBHADRA
दुद्धी। विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीराचक गांव में वृहस्पतिवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में मृत युवक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार की शाम सवा चार बजे मां काली मंदिर तिराहे पर शव रखकर रांची-रीवां मार्ग जाम कर दिया। परिजन मुआवजे का लिखित आश्वासन मांग रहे थे। जाम की सूचना पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी राम आशीष यादव ने परिजनों को समझा बुझा कर जाम हटवाया और शव को दाह संस्कार के लिए कनहर नदी तट भिजवाया। करीब 25 मिनट बाद यातायात बहाल हुआ।
मृतक की पत्नी रूबी देवी के साथ परिजन हाईवे पर शव रखकर मुआवजे की मांग कर रहे थे। रूबी पति की मौत होने के बाद अनाथ बच्चों की देखभाल और परवरिश के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रही थी। बता दें कि वृहस्पतिवार की देर शाम विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीराचक गांव में विंढमगंज की ओर से दुद्धी आ रही एक मिनी ट्रक कनहर नदी पुल से ठीक पहले अनियंत्रित होकर गढ्ढ़े में गिर गई थी, जिस पर सवार चार लोगों में से एक युवक रंजीत कुमार उर्फ रिंकू (35) की मौत हो गई थी। मृतक क़स्बा स्थित एक एजेंसी में काम करता था, जो एजेंसी के वाहन से माल की सप्लाई दे वापस दुद्धी आ रहा था। क़स्बा पहुंचने से पांच किलोमीटर पहले दुर्घटना में युवक की मौत हो गई थी। मृतक के दो बच्चे है।