शाहगंज। रात में पुलिस की गश्त की पोल खोलते हुए चोरों ने करमा थाना क्षेत्र के इमलीपुर चट्टी स्थित देशी शराब की दुकान का ताला तोड़कर 1.90 लाख नगदी और शराब पर हाथ साफ कर दिया। घटना गुरुवार की रात की बताई जा रही है। पीड़ित ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शाहगंज कस्बा निवासी राम जी पटेल ऊर्फ झिमल की देशी शराब की दुकान इमलीपुर चट्टी पर है। हमेशा की तरह निर्धारित समय के बाद मुनीब दुकान बंद करके घर चला गया था । अर्धरात्रि के बाद चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर एक लाख नब्बे हजार रुपए नगद और आधा पेटी शराब उठा ले गए । इसकी किसी को भनक तक नही लगी । शुक्रवार की भोर में किसी ने घटना की सूचना ठेकेदार को दी । ठेकेदार ने दुकान पर पहुंचा तो अंदर का नजारा देख कर वह हक्का-बक्का रह गया। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी है । जानकारी होने पर एसओ देवानंद सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। एसओ ने कहा कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है । जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा । उधर शराब की दुकान में चोरी होने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त करने का दावा करती है। बावजूद इसके चोरी हो जा रही है।