वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर राॅबर्ट्सगंज कोतवाली के चुर्क मोड़ के पास रविवार की रात तेज गति कार बेकाबू होकर सड़क के किनारे लगे बोर्ड में टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई।
कार चला रहा युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ। उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। चुर्क के मुसही निवासी इम्तियाज अली (32) पुत्र सरीफुल राजगीर मिस्त्री का काम करता था। रविवार को वह चुर्क के वार्ड नंबर सात निवासी सुनील कनौजिया (25) के साथ रॉबर्ट्सगंज गया था।
देर रात दोनों कार से वापस चुर्क लौट रहे थे। कार सुनील चला रहा था। उरमौरा के आगे चुर्क मोड़ के पास कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे संकेतक को टक्कर मारते हुए डिवाइडर पर पलट गई।
हादसे में कार सवार दोनों युवक घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने दोनों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने इम्तियाज अली को मृत घोषित कर दिया। सुनील की हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया।
इम्तियाज पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसे दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।