लोढ़ी में शोपीस बना नवनिर्मित प्लास्टिक सर्जरी और बर्न यूनिट भवन।
जिला अस्पताल परिसर मेें करीब एक करोड़ 50 लाख की लागत से बर्न यूनिट और प्लास्टिक सर्जरी का भवन बनकर तैयार हो गया है। इसे शुरू करने के लिए शासन से 70 लाख 89 हजार रुपये स्वीकृत हो चुका है। पहली किस्त 35 लाख 44 हजार रुपये जारी हो चुकी है। बावजूद उपकरण, मशीन की खरीददारी अभी तक नहीं हो सकी। ऐसे में बर्न यूनिट और प्लास्टकि सर्जरी भवन शो पीस बना हुआ है।
जिला अस्पताल परिसर में यूपीपीसीएल कार्यदायी संस्था ने लगभग एक करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बर्न यूनिट एवं प्लास्टिक सर्जरी का भवन निर्माण कराया है। कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता वीके श्रीवास्तव की मानें तो अगस्त 2015 मेें बिल्डिंग स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर भी कर दी गई है। 17 मार्च 2016 पहली किस्त 35 लाख 44 हजार 800 रुपये जारी हो चुके हैं। विशेष सचिव अवधेश कुमार पांडेय ने निदेशक भंडार के स्तर पर उपकरण, मशीन, साज-सज्जा की खरीददारी के निर्देश दे चुके हैं। बावजूद अभी तक उपकरणों की खरीद शुरू नहीं हो सकी। वहीं सीएमओ डा. यूके वर्मा कहते हैं कि निदेशक भंडार स्तर से उपकरणों, साज, सज्जा सामग्री के खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मशीन और उपकरण मिलते ही बर्न यूनिट एवं प्लास्टिक सर्जरी अस्पताल शुरू हो जाएगा।