बभनी ब्लॉक के चीकू टोला में पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
ब्लॉक क्षेत्र के बभनी ग्राम पंचायत स्थित चीकू टोला में अधूरी पानी टंकी छोड़े जाने पर गुरुवार को ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। कहा कि एक तरफ प्रशासन पानी की आपूर्ति कराने को लेकर गंभीर है। जगह-जगह पानी की टंकी का निर्माण कराकर सबमर्सिबल पंप के जरिए पानी की आपूर्ति शुरू कराई जा रही है। वहीं दूसरी ओर पानी टंकी होने के बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
बता दें कि एक साल पूर्व बभनी ब्लॉक के चीकू टोला में ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति कराने के लिए पानी टंकी स्थापित की गई थी। लेकिन सोलर पैनल नहीं लगाए गए, न ही सबमर्सिबल पंप लगा। ऐसे में पानी की टंकी शो पीस बनी हुई है। महेंद्र सिंह और बच्चन सिंह ने बताया कि गर्मी के दिनों में पानी के लिए परेशानी हो रही है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अगर टंकी से पानी की आपूर्ति शुरू करा दी जाती तो पानी की समस्या से निजात मिल जाती।नंद कुमार, देव मूरत ने कहा कि पानी की विकट समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में जल्द ही आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वह लोग बड़े आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में शिव पूजन, मुकेश, संजय कुमार, दीपक, राहुल शामिल रहे।