लोहरा के गुलरहवा गांव में पंचायत के दौरान विधायक से नाराजगी जताते किसान
सोनभद्र। औद्योगिक कॉरिडाेर के लिए मधुपुर क्षेत्र के लोहरा, तकिया, बट गांवों की जमीन के सर्वे के बाद से किसानों में आक्रोश है। सोमवार को भाजपा के घोरावल विधायक अनिल मौर्य जमीन अधिग्रहण के विरोध में आंदोलित किसानों से बात करने के लिए लोहरा गांव की गुलरहवा बस्ती पहुंचे। इस दौरान विधायक से किसानों ने पूछा कि 20 दिनों से यह मामला गर्म है, अब तक आप कहां थे।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें इस बड़े मुद्दे की खबर अब तक क्यों नहीं लगी थी। किसानों ने उनसे यह लिखित आश्वासन देने की भी मांग की कि उनकी जमीन का अधिग्रहण उद्योग के लिए नहीं किया जाएगा। काफी देर तक बहस के बाद विधायक मामले में डीएम से मिलकर वार्ता की बात कहते हुए वहां से लौट गए।
जिले में औद्योगिक काॅरिडोर के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। इसके लिए मधुपुर के आसपास लोहरा, तकिया, बट गांवों की जमीन का सर्वे किया गया है। यह प्रक्रिया अभी प्रारंभिक चरण में ही है, मगर इसकी भनक लगने के बाद से ही क्षेत्रीय किसान व ग्रामीण लामबंद हैं।
वह उद्योग स्थापना के लिए अपनी उपजाऊ भूमि देने को तैयार नहीं है। इसके अलावा दशकों से वहां रह रहे लोग भी अपनी पुश्तैनी भूमि छोड़ने को राजी नहीं है। इसे लेकर किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शन, ज्ञापन और महापंचायत भी हो चुकी है।