रेणुकूट। पिपरी स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय के समक्ष शुक्रवार को कुलडोमरी, खजुरा, डडिहरा, मेड़रदह व सोढ़ो के ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि विभाग मनमानी कर रहा है। एक भी दिन बिजली जली नहीं और बिजली का बिल भेज दिया गया। नाराज लोगों ने मीटर भी विभाग को वापस कर दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि दो वर्ष पूर्व सौभाग्य योजना के तहत ठेकेदार ने मनमाने तरीके से ग्रामीणों का आधार कार्ड लिया और उन्हें मीटर दे दिया गया। कई वर्षों के बाद अब तक उन्हें बिजली नहीं मिली और विभाग ने बिजली बिल भेज दिया। संजय मौर्य ने कहा कि बगैर बिजली के जनता को बिल भेजकर परेशान किया जा रहा है। जब गांव में बिजली ही नहीं पहुंची है तो बिल का क्या औचित्य है। उन्होंने भाट क्षेत्र में विभाग द्वारा कैंप लगाकर विद्युत समस्या के निराकरण की मांग भी की। रवि गौड़, गोरखनाथ, पप्पू, सुब्रत सरकार, हृदय खरवार, श्याम बिहारी, मोहनलाल, नारदमुनि दुबे, हरेराम, संत यादव आदि मौजूद रहे। संचालन रामविलास यादव ने किया।