रेणुकूट। व्यापार मंडल चुनाव को लेकर नगर का माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को होने वाले मतदान को एसडीएम दुद्धी रमेश कुमार ने बृहस्पतिवार की देर रात स्थगित कर दिय। इसके बाद चुनाव कराने को लेकर आमादा एक गुट ने लकी ड्रा के आधार पर सूरज ओझा को अध्यक्ष निर्वाचित कर दिया।
इस संबंध में अब तक व्यापार मंडल अध्यक्ष रहे अजय राय ने कहा कि विरोधी गुट द्वारा कराया गया चुनाव अवैध है। 21 लोगों की बनी हुई कमेटी में सिर्फ 4-5 सदस्यों द्वारा जबरन अलोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराया जा रहा था जिसे देखते हुए एसडीएम ने चुनाव पर रोक लगा दी। अजय राय ने कहा कि उन्हें चुनाव कराने को लेकर आपत्ति नहीं है लेकिन अब भी नगर में बहुत सारे लोगों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, जिससे चुनाव कराने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। इस संबंध में दूसरे गुट के व्यापारी नेता अमरेंद्र सिंह ने कहा कि व्यापार मंडल के लिए बनी 21 लोगों की कमेटी की बैठकें लगातार की गई। अनुपस्थित सदस्यों के जगह नए सदस्यों को शामिल करके बैठक की कार्रवाई पूर्ण की गई है। नियम अनुसार चुनाव कराया जा रहा था। लेकिन नौ वर्ष से नगर के कुछ लोग अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं कराने दे रहे हैं, इस बार उनके मंसूबे को सफल नहीं होने दिया गया। आपसी सहमति के आधार पर सूरज ओझा को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया है और सत्यम कुमार महामंत्री बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही बैठक कर कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का भी चुनाव कर लिया जाएगा। इस दौरान नगर में बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।