रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी थाना क्षेत्र के मड़इया गांव के समीप सोमवार को दोपहर बाद हुए हादसे के चलते मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोकने के दौरान बाइक की चपेट में आने से पिपरी थाने के एसआई घायल हो गए। हादसे में दो युवकों को भी चोट आई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
रेणुकूट के विश्वकर्मा नगर निवासी रोहन (18) व शुभम (19) बाइक से तुर्रा की ओर जा रहे थे। थाने के कुछ पहले एसआई भैयालाल यादव सड़क पर खड़े होकर वाहनों को रोक रहे थे। तेज गति से आ रहे बाइक सवार युवक सड़क पर खड़े एसआई को धक्का मारते हुए खुद भी गिर गए। इस हादसे में एसआई भैयालाल यादव के साथ साथ दोनों युवकों को भी चोट लगी। तत्काल पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को हिंडाल्को चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। पिपरी थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
मृत ट्रेलर चालक की हुई शिनाख्त
रेणुकूट। अनपरा-रेणुकूट के बीच पिपरी थाना क्षेत्र के मड़इया गांव के समीप सोमवार को हादसे में जिंदा जलकर मरे ट्रेलर चालक की शिनाख्त हो गई है। पिपरी थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृत चालक अशोक कुमार (26) पुत्र बसंत लाल ग्राम पाली थाना बरगवां, सिंगरौली मध्य प्रदेश का रहने वाला था। वह खाली ट्रेलर लेकर रेणुकूट से अनपरा की ओर जा रहा था। इस दौरान हादसे का शिकार हो गया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।